नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश कोर्ट रूम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने न्यायमूर्ति उपाध्याय को न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
समारोह की आधिकारिक शुरुआत में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति भवन से जारी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना पढ़कर सुनाई। न्यायमूर्ति उपाध्याय के शपथ लेने के साथ ही उत्तराखंड हाईकोर्ट में जजों की कार्यबल संख्या बढ़कर 8 हो गई है। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सहित कुल 11 पद स्वीकृत हैं।
कार्यक्रम के दौरान महाधिवक्ता एस.एन. बाबुलकर ने नए न्यायाधीश को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि न्यायमूर्ति उपाध्याय के स्थायी न्यायाधीश बनने से न्यायिक प्रक्रिया सुदृढ़ होगी और न्यायालय में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।
इस शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा एवं न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
साथ ही मुख्य स्थायी अधिवक्ता पूरन सिंह बिष्ट, शासकीय अधिवक्ता अमित भट्ट, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.सी.एस. रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, पूर्व महाधिवक्ता वी.बी.एस. नेगी, उत्तराखंड बार काउंसिल के सदस्य, हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ अधिवक्ता तथा विभिन्न न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।






