
रिपोर्टर राहुल सिंह स्टेट हेड उत्तर प्रदेश
बस्ती। लिटिल फ्लावर्स स्कूल बस्ती में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के बीच मां दुर्गा का पूजन-अर्चन, आरती एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्री-प्राइमरी की शिक्षिकाओं ने माहिषासुर मर्दन की संक्षिप्त एवं आकर्षक लीला का मंचन कर नारी शक्ति, साहस और धर्म की विजय का संदेश दिया। वहीं छात्राओं द्वारा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निर्देशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने नारी शक्ति को नमन करते हुए मां दुर्गा की आरती एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया
प्री-प्राइमरी की शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत माहिषासुर मर्दन की लीला में मुस्कान पाण्डेय ने मां दुर्गा, शशि अग्रहरि ने महिषासुर तथा विद्यालय के छात्र अमय ने शेर की भूमिका निभाई। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने बच्चों और उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया
कार्यक्रम में कक्षा सातवीं एवं आठवीं की छात्राओं काव्या और उम्मे हानी ने अपने सहयोगियों के साथ ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ तथा ‘अम्बे तू है जगदम्बे काली’ सहित भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोगों ने प्रस्तुति की सराहना की
वहीं यूकेजी की छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सृष्टि सिंह, यशी सिंह, श्रेया सिंह, आयुषी सिंह, सृष्टि सिंह, अग्रिता सिंह, समृद्धि चौधरी, जीवा अग्रहरि एवं वामिका ने नौ देवियों की भूमिका निभाई। बालिकाओं के आकर्षक रूप और मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। झांकी के माध्यम से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की महिमा के साथ नारी शक्ति और कन्या सम्मान का सुंदर संदेश दिया गया
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम, दया, ममता, करुणा, धैर्य, साहस, शक्ति, पराक्रम और त्याग नारी शक्ति की पहचान हैं। उन्होंने सभी को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए नारी सम्मान और कन्या सम्मान को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने नवदुर्गा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “प्रतिमा में भगवान हों या न हों, किंतु प्रत्येक मां में भगवान अवश्य होते हैं।” उन्होंने बच्चों को मातृशक्ति का सम्मान करने और उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का संदेश दिया
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिता, सुमन, कुसुम, मुस्कान गुप्ता, मधु सिंह, मुस्कान पाण्डेय, श्रद्धा सिंह, शिवाली, सरिता, अलका सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर निष्ठा पाण्डेय, राजमणि वर्मा, तन्मय पाण्डेय, रुचि सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






