
पीलीभीत। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने और चिकित्सीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) पीलीभीत की सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया है। नई टीम में डॉ. पी.एन. सक्सेना को अध्यक्ष और डॉ. राकेश सिंह को सचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही डॉ. एस.के. मित्रा को प्रेसिडेंट इलेक्ट चुना गया है।
पदभार संभालने के बाद नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को ऊंचा उठाने की प्रतिबद्धता जताई। नव-निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. पी.एन. सक्सेना और सचिव डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों के मान-सम्मान की रक्षा करने के साथ-साथ आम जनमानस तक गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
IMA पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिला अस्पताल और निजी चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से पीलीभीत में मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।






