पीलीभीत:जनपद पीलीभीत में समाजवादी पार्टी ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सपा नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन पर कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान नेताओं ने आगामी 8 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय से शहर के स्टेट कार्यालय तक एक विशाल विरोध प्रदर्शन और मार्च निकालने का ऐलान किया।कार्यकर्ताओं से सड़कों पर उतरने का आह्वानप्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा और सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कहा कि लोकतंत्र और निष्पक्ष मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी पुरजोर विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने जिले भर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 8 अक्टूबर को होने वाले इस प्रदर्शन में भारी तादाद में जुटकर अपनी ताकत दिखाएं।प्रदेश में बदलाव की लहर, चारों सीटों पर जीत का दावासपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा शासनकाल में किसान, युवा, मजदूर और आम जनता त्रस्त है तथा सरकार लगातार जनहित की अनदेखी कर रही है। नेताओं ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की जबरदस्त लहर चल रही है। आगामी विधानसभा चुनावों में पीलीभीत की चारों सीटों पर समाजवादी पार्टी परचम लहराएगी और प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव समेत पार्टी के तमाम प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट अमित दीक्षित






