हरिद्वार/ज्वालापुर, 09 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार दीपक सिंह ने क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान की उपस्थिति में कोतवाली ज्वालापुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। सेरिमोनियल गार्द द्वारा दी गई सलामी के पश्चात औपचारिक रूप से निरीक्षण की शुरुआत की गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी द्वारा थाना परिसर, कार्यालय, मैस, मालखाना, हवालात, बैरक एवं शस्त्रागार की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। उन्होंने शस्त्रागार में रखे हथियारों व साजो-सामान को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ सदैव क्रियाशील अवस्था में बनाए रखने की हिदायत दी। इसके अलावा अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर सहित तमाम अभिलेखों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड अद्यावधिक एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित एवं मफरूर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने हेतु मातहतों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंत में उन्होंने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।






