
पीलीभीत-बीसलपुर हाईवे पर पतरसिया मोड़ के पास सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टाटा मैजिक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका बेटा छिटककर खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
रिश्तेदारी से घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव जगीपुर जैतपुर निवासी सूरजपाल (60) अपने सबसे छोटे बेटे मनोज कुमार के साथ शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र स्थित गांव नभीची (बड़े बेटे प्रमोद की ससुराल) गए थे।
वहां कनागत की दावत खाने के बाद दोनों पिता-पुत्र बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक पतरसिया मोड़ के पास पहुंची, पीछे से आ रही डग्गामार टाटा मैजिक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सूरजपाल सड़क पर गिर गए। जब तक वह संभल पाते, मैजिक उन्हें कुचलते हुए निकल गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनोज खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने चालक को दबोचा हादसे के बाद आरोपी मैजिक चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सतर्क राहगीरों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक सूरजपाल अपने पीछे चार बेटे और तीन बेटियों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इस परिवार के एक अन्य बेटे डालचंद्र की सड़क हादसे में असमय मौत हो गई थी। दो साल में दूसरे हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। पुलिस की कार्रवाई मामले की जानकारी देते हुए सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।






