







पीलीभीत:जिले के गांधी स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बेसिक शिक्षा विभाग ने एक अनोखी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विभाग की ओर से स्टेडियम परिसर में 76 फीट विशालकाय रंगोली तैयार की गई, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई। बेसिक शिक्षा विभाग के इतिहास में पहली बार इतने बड़े आकार की रंगोली का निर्माण किया गया है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रोशनी सिंह के मार्गदर्शन में करीब 30 शिक्षकों की टीम ने मिलकर इस 76 फीट की रंगोली को बुधवार दोपहर 12 बजे तक पूरा किया। इसे सजाने के लिए गुलाब व गेंदे के प्राकृतिक फूलों और विभिन्न रंगों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, सुबह लगभग 10 बजे आसमान में अचानक छाए बादलों ने बारिश की आशंका बढ़ा दी थी और अधिकारियों की चिंता तय समय से पहले रंगोली पूरी कराने को लेकर बढ़ गई थी, लेकिन टीम के प्रयासों से यह समय पर भव्य रूप में तैयार हो गई।रंगोली के अवलोकन के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सतीश प्रसाद मिश्रा, बीएसए रोशनी सिंह और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) संजय कुमार पहुंचे। जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने शिक्षकों के इस रचनात्मक प्रयास की जमकर सराहना की और रंगोली बनाने वाली पूरी टीम को पुरस्कृत किया।कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग की ओर से 10 विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले ब्लॉकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
दूरदर्पण न्यूज़ से जुड़ने व विज्ञापन के लिए संपर्क करें क्राइम ब्यूरो अमित दीक्षित +91 63991 45244






