
पीलीभीत।शहर से सटी अवध नगर कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण और खाली पड़ी जमीन पर पार्क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को एक शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है।
कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में बताया कि रेशम उद्योग और बैकलॉग दफ्तर से होते हुए टनकपुर हाईवे को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत बदहाल स्थिति में है। इसी सड़क पर दो लाइब्रेरी और वीरांगना बालिका इंटर कॉलेज स्थित हैं, जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं, छात्र और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की सी बारिश होते ही सड़क और पास का तालाब एक समान हो जाते हैं, जिससे जलभराव के कारण हर समय जान-माल का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, कॉलोनी में पार्क के लिए आरक्षित खाली पड़ी जमीन पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां लोग मदिरापान करते हैं जिससे माहौल खराब हो रहा है।
संदीप त्रिवेदी सहित कॉलोनी के कई गणमान्य नागरिकों ने जिलाधिकारी से जर्जर सड़क का निर्माण कराने और खाली जमीन पर पार्क विकसित व सौंदर्यीकरण कराने के आदेश जारी करने की मांग की है।






