
पीलीभीत। पीलीभीत-बरेली मार्ग पर जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव गहलुइया के पास एक डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, गहलुइया गांव निवासी शिवम कुमार और प्रशांत कुमार शर्मा 8 अक्टूबर को शाही से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पीलीभीत पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिवम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल प्रशांत कुमार शर्मा का अस्पताल में इलाज जारी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी डंपर चालक और वाहन की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






