झबरेड़ा। बीती रात किसान सेना (अ) संगठन के जिलाध्यक्ष (हरिद्वार) जैकी चौधरी पर हमलावरों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें देहरादून स्थित हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद किसान संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अंकुर गुर्जर ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 24 घंटे के भीतर हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, तो किसान सेना संगठन थाना झबरेड़ा परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने के लिए मजबूर होगा।
चौधरी अंकुर गुर्जर ने कहा कि इस दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या जिम्मेदारी की पूर्ण जवाबदेही शासन व पुलिस प्रशासन की होगी। संगठन ने मांग की है कि मामले में तुरंत सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।






