ज्वालापुर में बेकाबू बस का कहर, ऑटो व चार कारों को मारी टक्कर, ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग
हरिद्वार/ज्वालापुर। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा चौक के पास सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार निजी बस ने जमकर कहर बरपाया। फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही इस अनियंत्रित बस ने सबसे पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक के बाद एक चार कारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो चला रहे त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो चालक का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय राहगीरों ने गंभीर अवस्था में घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी अस्पताल के पास घटित हुआ। गनीमत यह रही कि सुबह का समय होने के कारण अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों की आवाजाही न के बराबर थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ा एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल वाहनों को साइड करवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। वहीं, हादसे के जिम्मेदार बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






