
*हिन्दू महासभा ने जिलाधिकारी को सौंपा जनसमस्याओं से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन*
पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नवागत जिलाधिकारी से मुलाकात कर नगर एवं जनपद की ज्वलंत जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने नवागत डीएम का स्वागत किया और लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में नगर की व्यवस्थाओं और जनसुविधाओं से जुड़े प्रमुख बिंदु उठाए गए:
- यातायात व पार्किंग व्यवस्था: प्रमुख बाजारों में समुचित पार्किंग स्थल विकसित करने तथा डिग्री कॉलेज चौराहा से कचहरी तक व्यस्त मार्ग का चौड़ीकरण व डिवाइडर निर्माण कराने की मांग की गई। साथ ही, सड़कों पर गति सीमा निर्धारण, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड लगाने और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाते हुए रूट व स्टैंड निर्धारित करने पर बल दिया गया।
- गौवंश सुरक्षा व सार्वजनिक सुविधाएं: रात्रि में सड़क हादसों से बचाव के लिए निराश्रित गौवंशों पर रिफ्लेक्टिव रेडियम पट्टियां लगाने की मांग की गई। इसके अलावा, नगर क्षेत्र में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों को नियमित रूप से संचालित कराने, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही गई।
- विरासत व तालाबों का संरक्षण: रेलवे स्टेशन के पास स्थित करीब 100 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक मूलचंद धर्मशाला का जीर्णोद्धार कर इसे यात्रियों व तीमारदारों के उपयोग हेतु विकसित करने तथा टनकपुर हाईवे स्थित गौहनिया तालाब के चारों ओर मजबूत बाउंड्री वॉल बनाने की मांग उठाई गई।
- सरकारी भूमि व नजूल संपत्तियों की जांच: लकड़ी मंडी स्थित फौजी पड़ाव की सरकारी नजूल भूमि व वहां संचालित आरा मशीनों की निष्पक्ष जांच व सीमांकन कराने की मांग की गई, ताकि इस भूमि का उपयोग सार्वजनिक पार्किंग, फायर ब्रिगेड स्टेशन या गौशाला जैसे जनहित कार्यों में हो सके। इसके साथ ही शत्रु संपत्तियों, तालाबों व ग्राम समाज की जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अनुरोध किया गया।
- खाद्य सुरक्षा व अन्य मुद्दे: बाजार में दूध, घी, पनीर, तेल व मसालों में मिलावट पर चिंता जताते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा और सघन जांच अभियान चलाने की मांग की गई। इसके अलावा वाटर वर्क्स परिसर की दुकानों के पारदर्शी आवंटन, प्राचीन दशमा मणि स्थल के मार्ग चौड़ीकरण तथा ग्रामीण शवदाह स्थलों पर टीनशेड व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे उपस्थित:
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, आयुष सक्सेना, रवि जायसवाल, सुनील कश्यप, सुनील अवस्थी, पिंटू पाल, जितेंद्र मौर्य, मनोज वर्मा, प्रमोद कश्यप, लवी सिंह, अनिल कुमार, महेश श्रीवास्तव, महंत अवनीश रतन, गंगा प्रकाश मौर्य, महंत मुकेश गोस्वामी, बिंदु सिंह, कविता वंशवाल, सुमन कश्यप, गीता मिश्रा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दूरदर्पण न्यूज़ से अमित दीक्षित की खास रिपोर्ट* *दूरदर्पण न्यूज़ से जुड़ने व विज्ञापन के लिए संपर्क करें क्राइम ब्यूरो अमित दीक्षित +91 63991 45244*






