
पीलीभीत: बरखेड़ा थाना क्षेत्र के खगाई गांव में बृहस्पतिवार को 32 वर्षीय विवाहिता त्रिवेणी देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।2011 में हुई थी शादी, दो बच्चों की मां थी मृतकानरायनठेर निवासी मृतका के भाई पातीराम द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, त्रिवेणी का विवाह वर्ष 2011 में खगाई निवासी नरेंद्र कुमार के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं—नौ वर्षीय बेटा अभय और 12 वर्षीय बेटी आराध्या। आराध्या ननिहाल नरायनठेर में रहकर पढ़ाई करती है, जबकि बेटा अभय घटना के समय घर पर ही था।मायके पक्ष का आरोप: हत्या के तीन घंटे बाद दी गई सूचनामृतका के पिता कड़ेराम का आरोप है कि उनकी बेटी की पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर आत्महत्या दर्शाने के लिए शव फंदे पर लटका दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना सुबह करीब 10 बजे की है, लेकिन मायके वालों को इसकी जानकारी दोपहर एक बजे के बाद फोन पर दी गई।घटना के वक्त घर पर ही मौजूद था पतिपरिजनों ने बताया कि मृतका का पति नरेंद्र दियोरिया क्षेत्र के देवहना गांव में मोबाइल की दुकान चलाता है, लेकिन बृहस्पतिवार को वह दुकान न जाकर घर पर ही मौजूद था। नरेंद्र का भाई हरिओम पास के कमरे में रहता है, जो घटना के समय अपनी पत्नी के साथ बाहर गया हुआ था। मृतका के नौ वर्षीय बेटे अभय के अनुसार, कमरे का दरवाजा उसके बाबा और एक पड़ोसी ने खोला था।पुलिस का बयानसीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






