देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई इस नई सूची में कुल 71,58,949 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। कुल पंजीकृत मतदाताओं में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस पूरे अभियान के बाद प्रदेश में 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं।
प्रदेश में एसआईआर अभियान की शुरुआत 8 जून को हुई थी, उस समय मतदाता सूची में दर्ज कुल मतदाताओं की संख्या 79,60,762 थी। गणना फॉर्मों के संकलन के पश्चात 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप सूची में 71,33,785 मतदाता शामिल किए गए थे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक प्राप्त दावे व आपत्तियों का 28 सितंबर तक निस्तारण किया गया, जिसके आधार पर नियमानुसार 1,04,708 अपात्र नामों को हटाया गया और नए पात्र नागरिकों को शामिल करते हुए अंतिम आंकड़े जारी किए गए। वर्तमान में राज्य के 12,543 मतदेय स्थलों में दर्ज कुल मतदाताओं में 18-19 आयुवर्ग के 72,656 पहली बार के युवा मतदाता और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग अंतिम प्रकाशन के बाद भी छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पूर्व की मतदाता सूची का वर्तमान सूची से मिलान कर छूटे हुए लोगों की बूथवार सूची तैयार करेंगे और घर-घर जाकर सत्यापन के बाद पात्र व्यक्तियों से फॉर्म-6 भरवाएंगे। यह सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की जाएगी। आम नागरिक इस अंतिम मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं या संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय व बीएलओ के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं।






