स्कूल में 10 लाख से बनेगा एस्ट्रोलैब गिरे मिड-डे मील शेड की जांच के आदेश

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को भावलखेड़ा विकासखंड के पीएम श्री संविलियन विद्यालय सेहरामऊ दक्षिणी का निरीक्षण कर शैक्षिक गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय में मनरेगा से निर्मित मध्याह्न भोजन शेड हवा से गिरने के मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच कराने, दोषियों से धनराशि की वसूली और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से एस्ट्रोलैब का निर्माण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य गेट पर टाइल और मेटल का कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने, बरामदे में टाइलीकरण, रंगाई-पुताई और फर्नीचर की समुचित व्यवस्था करने को कहा। खुली विद्युत वायरिंग व्यवस्थित कराने, खिड़कियों में जाली लगवाने तथा जर्जर कमरों का नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश भी दिए। विद्यालय से सटे घरों के स्वामियों से पीछे की दीवारों पर प्लास्टर और सफेदी कराने को कहा।
शेड गिरने के मामले में तय होगी जिम्मेदारी
मनरेगा से निर्मित मध्याह्न भोजन शेड हवा से गिरने के मामले में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को तहसीलदार और नायब तहसीलदार के माध्यम से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर उनसे सरकारी धनराशि की वसूली कराई जाए और संबंधित दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बच्चों से पूछे सवाल, परखा शैक्षिक स्तर
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछे और उनके शैक्षिक स्तर की जानकारी ली। इस दौरान नायब तहसीलदार सदर गरिमा ने बच्चों को सामाजिक विज्ञान पढ़ाया। जिलाधिकारी ने बच्चों को चॉकलेट और फ्रूटी भी वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विद्यालय में तैयार मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी।
खेल और विज्ञान की सुविधाएं बढ़ेंगी
जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से एस्ट्रोलैब बनाया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को कोच नियुक्त करने को कहा। विद्यालय में संगीत शिक्षक की व्यवस्था करने और सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए। परिसर में दोबारा बड़े हरिशंकरी पौधे लगाने, पोषण वाटिका की रंगाई-पुताई कराने तथा पौधों के नाम की पट्टिकाएं और क्यूआर कोड लगवाने को कहा। बालक-बालिका शौचालयों की नियमित सफाई के लिए एक सफाईकर्मी की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों के लिए बनाए गए मंच के सामने बैठने की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को केंद्र में टाइलीकरण और रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके। इस दौरान एसडीएम सदर प्रभात कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बामनिया, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







