पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के मंच पर शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी अपना माइक बंद किए जाने से नाराज हो गए। नाराज विधायक ने पहले मंच पर माइक फेंका और इसके बाद नीचे उतरकर साउंड ऑपरेटर की ओर कुर्सी फेंककर मारने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम के बाद राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण के बाद कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद शुरू हुआ। विधायक हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम की अध्यक्षता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। इसी बात से आक्रोशित होकर उन्होंने विरोध जताया, जिसके बाद उनके समर्थक भी हंगामे में शामिल हो गए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
हंगामे के दौरान विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। विधायक ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें निर्देश देती है, तो वह किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं और जनता के समर्थन से मुख्यमंत्री को पराजित करने का दावा किया।
वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड भाजपा ने इस घटना को लेकर कांग्रेस विधायक के आचरण की कड़ी आलोचना की है। भाजपा की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच पर माइक फेंकना, गाली-गलौज करना और अपशब्दों का प्रयोग करना अशोभनीय है।
भाजपा जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने विधायक के व्यवहार पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि हरीश धामी ने पिछले पांच वर्षों में अपने विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में हार के डर और राज्य में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने की संभावनाओं से परेशान होकर विधायक इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
फिलहाल, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है।


