शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण किया। पुस्तकालय में दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन कर उनके संरक्षण और पुस्तकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विद्यार्थी की उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर और आदर्श संस्थान बनाने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित समेत प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


