अवैध होर्डिंग्स और पार्किंग पर चलेगा अभियान, सड़कों की मरम्मत के भी निर्देश
डीएम ने जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, 30 नवंबर तक फीडर निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य
शाहजहांपुर। शहर में अवैध विज्ञापनों और होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ही अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी। सड़कों पर गोवंश छोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने और प्रमुख मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। हालांकि, इन निर्देशों पर कितना अमल होता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक में जिलाधिकारी डीपी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शहर की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध विज्ञापनों एवं होर्डिंग्स को हटाने, शहर में संचालित अवैध पार्किंग तत्काल बंद कराने और सड़कों पर गोवंश छोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने को कहा। बैठक में हथौड़ा चौराहे से मोहम्मदी पुल तक नाले के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक क्षेत्र जमौर में विद्युत फीडर का निर्माण 30 नवंबर तक पूरा कराने को कहा गया, ताकि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। मोहम्मदी पुल के आगे तिराहे पर स्ट्रीट लाइट लगवाने के भी निर्देश दिए गए।
!!सड़कों की मरम्मत और खंभे हटाने की मांग!!
बैठक में बहादुरगंज से पचराहा तक तथा कचहरी से चिनौर मार्ग की मरम्मत कराने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा विद्युत विभाग और टेलीफोन विभाग के अनुपयोगी खंभों को हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, सहायक आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर आनंद कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्यमी और व्यापारी मौजूद रहे। बैठक में शहर की कई प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश तो दिए गए, लेकिन इन पर समयबद्ध कार्रवाई होना जरूरी है। अवैध पार्किंग बंद कराने, होर्डिंग्स हटाने, सड़कों की मरम्मत और नाले के चौड़ीकरण जैसे कार्यों की प्रगति पर नजर रखना भी अहम होगा। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इन निर्देशों को धरातल पर उतारने में कितनी तत्परता दिखाते हैं।


