हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमालपुर कलां में चोरों ने एक हार्डवेयर की दुकान को अपना निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले में रखी नकदी के साथ-साथ लैपटॉप, एलसीडी टीवी और मोबाइल फोन चुरा ले गए।
पीड़ित दुकानदार ने कनखल थाना अंतर्गत जगजीतपुर चौकी में योगीपुरम कॉलोनी जमालपुर कला निवासी एक अज्ञात व्यक्ति पर चोरी की आशंका जताते हुए तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तौहीद अंसारी पुत्र अजीमुदीन अंसारी, निवासी जमालपुर कलां थाना कनखल, जिला हरिद्वार अपने गांव में ‘हीरा हार्डवेयर’ के नाम से दुकान चलाते हैं। 02 नवंबर को रोज की तरह वह रात को दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे।
अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। गल्ले का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी लगभग 03 लाख 55 हजार रुपये गायब थे। इसके अलावा दुकान में रखा एक लैपटॉप, एक एलसीडी टीवी और एक मोबाइल फोन भी नदारद मिला। पीड़ित दुकानदार ने जब मुआयना किया तो पाया कि अज्ञात चोर दुकान के ऊपर बनी ममटी का टिन शेड को तोड़कर अंदर घुसे थे।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है।


