हरिद्वार/बहादराबाद, 01 अक्टूबर। शादी का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाली एक महिला और उसके चार अन्य साथियों को बहादराबाद थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 70,000 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, नशीला पाउडर तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद कर सीज कर दिया है।
मामला बीते 24 सितंबर का है, जब ग्राम दौलतपुर जिला हरिद्वार निवासी प्रवेश पुरी ने बहादराबाद थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके भाई योगेश पुरी का विवाह जिस महिला से हुआ था, उसने अपने पति को विश्वास में लेकर नशीला पदार्थ खिला दिया और मौका मिलते ही घर से नकदी व अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देशानुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के दौरान घटना में शामिल मिर्जापुर उत्तर प्रदेश निवासी 21 वर्षीय मुख्य आरोपिता महिला, अब्दुल बारी पुत्र जुल्फकार निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश, शामली उत्तर प्रदेश निवासी एक अन्य महिला, पुनीत कुमार पुत्र मुकेश कुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश तथा फतेह सिंह मीना पुत्र हरि किशन निवासी भरतपुर, राजस्थान को हिरासत में लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्व अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अशोक सिरसवाल, उप निरीक्षक शमशेर अली, उप निरीक्षक कर्म सिंह, हेड कांस्टेबल नरविन्दर सिंह तथा कांस्टेबल सुनील तोमर मुख्य रूप से शामिल रहे। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।






