हरिद्वार/भगवानपुर, 03 अक्टूबर। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र की प्रताप कॉलोनी में लेनदेन के विवाद में 24 वर्षीय फाइनेंसर आदित्य राणा उर्फ आदि राणा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले विवाद सुलझाने के बहाने युवक को घर बुलाया और फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी, उसके पिता और भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अक्टूबर की रात करीब नौ बजे भगवानपुर निवासी आदित्य राणा अपने दोस्तों के साथ फाइनेंस का कलेक्शन करने गया था। वहां काम की बात को लेकर उसकी लक्की शर्मा उर्फ रोहित के साथ तीखी बहस हो गई। हालांकि, उस समय साथ मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। विवाद के कुछ ही देर बाद मुख्य आरोपी लक्की शर्मा ने आदित्य को फोन कर आपस में बैठकर मामला निपटाने की बात कही।
समझौते पर भरोसा करके आदित्य अपने साथियों के साथ प्रताप कॉलोनी स्थित लक्की के घर पहुंचा। आरोप है कि जैसे ही आदित्य घर के भीतर दाखिल हुआ, वहां पहले से मौजूद लक्की शर्मा, उसके भाई राहुल शर्मा और पिता अनिल शर्मा ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पिता के उकसाने और भाई के कहने पर लक्की ने तमंचे से आदित्य के सिर में सीधे गोली मार दी। गोली लगते ही आदित्य लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक का भाई सागर अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल आदित्य को बाइक से पास के आरोग्यम अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे और भगवानपुर कोतवाली पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी लक्की शर्मा, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।






