झबरेड़ा/हरिद्वार। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरी गर्मजोशी से यात्रा का जोरदार अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति, पूर्व राज्य मंत्री गौरव चौधरी, कलियर विधायक फुरकान अहमद तथा स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
◆हरक सिंह रावत का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, कहा- “उत्तराखंड में युवा और महिला विरोधी नीतियों का चल रहा राज”
◆2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में होगा सत्ता परिवर्तन, कांग्रेस बनाएगी सरकार: वीरेंद्र जाति
◆भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त, प्रदेश में बह रही बदलाव की बयार: गौरव चौधरी
न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह से युवा और महिला विरोधी साबित हुई है।”
अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए हरक सिंह रावत ने कड़े शब्दों में कहा, “जिस व्यक्ति पर अंकिता हत्याकांड जैसे जघन्य अपराध के गंभीर आरोप हैं, उसे मोदी सरकार द्वारा राज्यपाल जैसे गरिमामई पद से सम्मानित किया गया है। उत्तराखंड की बेटी को आज तक न्याय नहीं मिला है और उसका परिवार न्याय पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार एक तरफ विभागों का निजीकरण कर युवाओं से सरकारी नौकरियां छीन रही है, वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तराखंड में 10 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे हताश होकर राज्य के होनहार छात्र आत्महत्या जैसे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
दिल्ली में अंकिता के परिजनों के साथ हुए दुर्व्यवहार का उल्लेख करते हुए रावत ने कहा कि जब अंकिता के परिजन इंसाफ और आरोपी को पद से हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में धरने पर बैठे, तो पुलिस ने उन्हें जबरन उठा लिया। ऐसे कठिन समय में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रात ढाई बजे तक पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहे। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़ी है।
झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने अपने संबोधन में विश्वास जताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार से त्रस्त आ चुकी है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारी शिकस्त देगी और उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है।
पूर्व राज्य मंत्री गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की इस न्याय यात्रा को लेकर प्रदेशभर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। जनता अब बदलाव चाहती है और उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन निश्चित है।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत, कलियर विधायक फुरकान अहमद, पूनम भगत सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



