रूडकी/पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक की सुरक्षा में तैनात एक पीआरडी जवान का एक युवक से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी सेवायरल हो रहा है। वीडियो में पैसे देने वाले व्यक्ति को कथित तौर पर फर्जी खादिम बताया जा रहा है। हालांकि, इस लेनदेन के पीछे के मुख्य कारण और उक्त युवक की वास्तविक पहचान की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दरगाह साबिर पाक में प्रतिदिन देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन दर्शन और दान-पुण्य के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में फर्जी खादिमों की अनधिकृत गतिविधियों और अवैध लेन-देन को लेकर पहले भी शिकायतें आती रही हैं। सुरक्षाकर्मियों द्वारा अनैतिक रूप से पैसे लेने-देने के इस ताजा मामले ने एक बार फिर सुरक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ पीआरडी जवान लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जिससे इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित जवान और युवक के खिलाफ पारदर्शी जांच की जाए। इसके साथ ही दोषी कर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने और लंबे समय से तैनात जवानों का फेरबदल कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की अपील की गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि दरगाह की गरिमा और श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।






