हरिद्वार । हरिद्वार में आज सुबह अचानक मौसम के मिजाज में बदलाव आने के कारण कई क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान और भारी ओलावृष्टि से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। बताया जा रहा है कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 150-200 ग्राम तक के ओले गिरे है। इस भारी ओलावृष्टि में वाहनों के शीशे और सोलर पैनल टूट गए और आंधी के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने से भवनों एवं मुख्य सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है, जिससे आवागमन बाधित हुआ है। परिस्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मैदानी स्तर पर उतरकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटवाकर यातायात एवं आवाजाही तत्काल सुचारू कराई जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों एवं अन्य प्रभावित स्थलों का गहन निरीक्षण कर नुकसान का सही आकलन किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं बचाव संबंधी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को पूरी गंभीरता से सर्वेक्षण करने के आदेश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सटीक सर्वेक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा एवं राहत सामग्री बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी है कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर आमजन को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।






