
बीसलपुर (पीलीभीत)। बीसलपुर क्षेत्र के शादिया लाडपुर गांव में गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ना कोल्हू परिसर में जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो रहे 26 वर्षीय मजदूर को केले से भरे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। वह नहर मार्ग स्थित गन्ना कोल्हू पर मजदूरी करते थे। गुरुवार रात करीब एक बजे कोल्हू पर गन्ने से मिठाई बनाने का काम चल रहा था। लगातार काम करने के बाद थकान होने पर मनोज परिसर में जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो गए। उनके साथ गांव के तीन अन्य युवक भी काम कर रहे थे।
इसी दौरान गोंडा-बहराइच की ओर से केला लेकर आ रहा 10 टायरा ट्रक पास स्थित केले के प्लांट पर पहुंचा। आरोप है कि चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया और सो रहे मनोज को कुचल दिया। हादसे के बाद साथी मजदूरों और ग्रामीणों ने घायल मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
चालक फरार, ग्रामीणों ने ट्रक में की तोड़फोड़
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मजदूर की मौत की खबर से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ट्रक को थाने में खड़ा कराया जाएगा।इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।


