
पीलीभीत:-आगामी दशहरा पर्व और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने क्षेत्राधिकारी नगर के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
त्योहारों के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मंदिरों का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया गया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा-स्थलों, रामलीला मंचन स्थलों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में अपने त्योहार मना सकें।



