हरिद्वार, 17 अक्टूबर । उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आज विकास खंड भगवानपुर के अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज, बुग्गावाला में सेवा संकल्प अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत एक विशाल बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने की।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। साथ ही, आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने और जरूरतमंद लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिविर में उपस्थित राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों और आवेदनों पर पूरी गंभीरता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों को राहत पहुंचाएं।
उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने राज्य मंत्रियों को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान कुल 675 नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर इसका लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत 615 लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इसके अलावा, कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 39 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया और शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।



