स्वच्छता, गंगा संरक्षण और राष्ट्र प्रेम का विद्यार्थियों को दिया संदेश

शाहजहांपुर। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति, शाहजहांपुर के बैनर तले विकास खंड कलान के गंगा ग्राम हेतमपुर स्थित आर.एस. कान्वेंट पब्लिक इंटर कॉलेज द्वारा गांधी जयंती एवं स्वच्छता दिवस के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता, गंगा संरक्षण, देशप्रेम एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी यशो विक्रम सिंह, विशिष्ट अतिथि सचिन मिश्रा, कार्यक्रम अध्यक्ष कुंवर मुनीश सिंह परिहार (एडवोकेट) एवं प्रधानाचार्य अतुल चतुर्वेदी ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। कुशल संचालन कर रहे विद्यालय प्रबंधक एवं समाजसेवी मुकेश सिंह परिहार ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के मध्य विभिन्न खेलकूद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में जोया प्रथम, रेशमा द्वितीय एवं सुरभि तृतीय रहीं। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में जसवीर प्रथम, विजय देव द्वितीय एवं राजकमल तृतीय रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में हेतमपुर की टीम विजेता तथा एत्मादपुर की टीम उपविजेता रही। म्यूजिकल चेयर में साहिबा एवं प्रतीक विजेता तथा गौरी एवं आशीष उपविजेता रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में काव्यांश, अमन, रोशनी, अंशिका एवं चांदिनी विजेता रहे। मुख्य अतिथि यशो विक्रम सिंह ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष कुंवर मुनीश सिंह परिहार ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं उनके योगदान की जानकारी देते हुए वीर सपूतों एवं क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेकर देशप्रेम की भावना के साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। जिला गंगा समिति के डा. विनय कुमार सक्सेना ने नमामि गंगे के अंतर्गत संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता महात्मा गांधी के प्रमुख संदेशों में से एक थी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सचिन मिश्रा ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, शिक्षा, अनुशासन एवं अच्छे व्यक्तित्व निर्माण को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नमामि गंगे की ओर से मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अतुल चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी लोगों को गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाकर सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंजीत, सुमित, राजकमल, आकाश, नीलेश, रोशनी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।






