रुड़की। बीएसएम कालेज के खिलाफ कुछ लोगो द्वारा चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन और अनर्गल आरोपों के संबंध में संस्था द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने विरोधियों के सभी दावों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और केवल ब्लैकमेलिंग की नीयत से प्रेरित बताया है।
बीएसएम कॉलेज ट्रस्ट के अध्यक्ष ममतेश शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि विरोधी पक्ष द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि शासन और प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है और कोई जांच नहीं कराई जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि राज्य सरकार द्वारा भौतिक सत्यापन के माध्यम से लगभग 25 जांचें और मुख्यमंत्री पोर्टल पर 26 से अधिक शिकायत आधारित जांचें कराई जा चुकी हैं। कुल मिलाकर लगभग 51 जांचें पूरी हो चुकी हैं, जिनकी सभी रिपोर्ट और सूचनाएं सूचना अधिकार के तहत शिकायतकर्ताओं के पास भी उपलब्ध हैं और इन सभी जांचों में संस्थान पूरी तरह निष्पक्ष पाया गया है। इन तमाम जांचों से संतुष्ट न होने के कारण इन लोगों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल में एक जनहित याचिका भी दायर की गई थी। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया इस याचिका को खारिज करते हुए इन्हें ‘प्रॉक्सी’ माना और इन पर 50,000 रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया, जिसकी रसीदें भी संस्था के पास मौजूद हैं।
संस्था की संपत्तियों और नाम को लेकर स्पष्ट किया गया कि बीएसएम शिक्षण संस्थान ‘बीएसएम चैरिटेबल ट्रस्ट’ के अधीन संचालित एक पंजीकृत संस्था है और यह किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं है। ट्रस्ट के नियमों के अनुसार ही इसमें पारदर्शी तरीके से चुनाव और प्रक्रियाएं संपन्न होती हैं। संस्थान के प्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में यौन उत्पीड़न के मामले में बर्खास्त किए गए सम्राट शर्मा और उनके साथियों सतीश शर्मा, बिट्टू शर्मा और मनोज शर्मा द्वारा लगातार कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है और वित्तीय व मानसिक रूप से ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है। कर्मचारियों को यहाँ तक धमकी दी जा रही है कि वे अपने आकाओं से कह दें कि इस बार उनका इलाज कर दिया जाएगा।
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कुछ लोगों द्वारा अपने कुकृत्यों को छुपाने और समाज में संस्थान की छवि को धूमिल करने का एक षड्यंत्र है। सर्व-समाज और शिक्षण संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाले इन तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन, संबंधित विभागों और माननीय न्यायालय के माध्यम से सख्त कानूनी और आपराधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


