
राहुल सिंह स्टेट हेड दूरदर्पण न्यूज
पचपेडिया मार्ग स्थित अस्पताल के परिचय बोर्ड पर प्रदर्शित विशेषज्ञ डॉक्टरों को लेकर उठे सवाल, ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों की देखरेख की भी जांच कराने की मांग
बस्ती। जनपद के पचपेडिया मार्ग स्थित स्टार हॉस्पिटल की चिकित्सकीय व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। अस्पताल के परिचय बोर्ड पर आठ डॉक्टरों के नाम और उनकी विशेषज्ञताएं प्रदर्शित की गई हैं। इनमें फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन, न्यूरो सर्जन, कैंसर रोग विशेषज्ञ और गैस्ट्रो विशेषज्ञ शामिल हैं। आरोप है कि बोर्ड पर प्रदर्शित डॉक्टरों की वास्तविक डिग्री, पंजीकरण और अस्पताल में तैनाती की स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जिलाधिकारी बस्ती से शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष मजिस्ट्रेट जांच की मांग की गई है
शिकायत के अनुसार, परिजन के उपचार के लिए अस्पताल में पर्चा बनवाने पर बताया गया कि डॉ. कनीज फातिमा अस्पताल में मौजूद नहीं हैं। अन्य डॉक्टर से मुलाकात कराने का अनुरोध करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद सीएमओ कार्यालय एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. कनीज फातिमा के स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण की पुष्टि नहीं होने की बात सामने आई
शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि डॉ. कनीज फातिमा ऑपरेशन के बाद भर्ती महिला मरीजों की देखरेख करती दिखाई देती हैं। उनके फेसबुक पेज पर भी ऑपरेशन एवं भर्ती मरीजों की चिकित्सकीय देखरेख से संबंधित पोस्ट और तस्वीरें होने की बात कही गई है। ऐसे में उनकी वास्तविक शैक्षणिक योग्यता, पंजीकरण और चिकित्सकीय भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है
इसके अलावा परिचय बोर्ड पर फिजिशियन के रूप में प्रदर्शित डॉ. अजीम खान की डिग्री, मेडिकल काउंसिल पंजीकरण और अस्पताल में वास्तविक तैनाती की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही बोर्ड पर दर्ज सभी आठ डॉक्टरों की विशेषज्ञ डिग्रियों एवं अस्पताल में उनकी वास्तविक उपस्थिति का स्वतंत्र सत्यापन कराने की बात कही गई है
आईजीआरएस शिकायत में जिलाधिकारी की निगरानी में एसडीएम अथवा नामित मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में संयुक्त जांच टीम गठित करने, सभी डॉक्टरों के लिखित बयान दर्ज कराने तथा ओपीडी रजिस्टर, ऑपरेशन रजिस्टर, भर्ती मरीजों की केस शीट, डॉक्टरों की ड्यूटी और अस्पताल के पंजीकरण अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से अस्पताल की चिकित्सकीय गतिविधियों का निष्पक्ष सत्यापन कराकर अनियमितता मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जांच आख्या से अवगत कराने की मांग की है


