
पीलीभीत: पूरनपुर क्षेत्र के जेठापुर गांव के पास लाही की फसल पलटने के विरोध पर किसान रामलखन और उसके परिवार पर हमला हुआ। आरोप है कि लखीवीर सिंह और उसके साथियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में रामलखन, उनकी पत्नी रामरती, सहखातेदार मदन, महेंद्र की पत्नी विद्या देवी और ओमप्रकाश की पत्नी चमेली देवी घायल हुए। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
रामलखन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव मुड़िया में उनकी जमीन पर लाही की फसल थी, जिसे लखीवीर सिंह ने पलट दिया। विरोध करने पर लखीवीर अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ आए और गाली-गलौज के बाद हमला किया। पुलिस ने 11 नामजद लोगों समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और पुलिस जांच कर रही है।


