
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के क्रम में प्रदेश नेतृत्व द्वारा महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गई हैं। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के निर्देशानुसार एवं प्रदेश मोर्चा प्रभारी तरूण बंसल की सहमति के उपरांत, भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य द्वारा सतीश कुमार ठाकुर को ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया गया है।
सतीश कुमार ठाकुर के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत होने पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। मनोनयन की घोषणा के उपरांत समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाएँ पहनाकर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दीं।
अपनी इस नई जिम्मेदारी के लिए सतीश कुमार ठाकुर ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त करते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करूँगा। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, रीति-नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। संगठन के प्रति हमेशा कर्तव्यनिष्ठ रहकर कार्य करता रहूँगा।”
मनोनयन के पश्चात हरिद्वार के सीतापुर स्थित उनके आवास पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यहाँ बड़ी संख्या में पहुँचे समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने सतीश कुमार ठाकुर का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपस्थित रहकर सतीश कुमार ठाकुर को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संगठन के वरिष्ठ नेता और गढ़वाल संयोजक डॉ० प्रदीप चौधरी मौजूद रहे। उनके साथ तिलकराम सैनी, महक सिंह, राजकुमार पाल, पंकज ठाकुर, धर्मेंद्र प्रसाद, मनोज ठाकुर, नीरज गोयल, निखिल चौहान और पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



