
पीलीभीत । बीसलपुर क्षेत्र में गोवल मोड़ के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय रवि कुमार ने सोमवार तड़के बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या दो हो गई है। दुर्घटना में रवि की मां कांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी।सबसे दुखद पहलू यह रहा कि रवि की शादी आगामी 4 दिसंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार शाम दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। एक साथ मां-बेटे की अर्थियां उठने का दृश्य देखकर गांव और परिवार के लोगों की आंखें नम हो गईं।शाहजहांपुर जनपद के थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव भूंडी निवासी फूलचंद्र ने बताया कि उनके भाई बसंतलाल रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी पत्नी कांति देवी और बेटे रवि कुमार के साथ बाइक से बीसलपुर होते हुए बरखेड़ा क्षेत्र के गांव मूसरहा में शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे।बीसलपुर से करीब दो किलोमीटर पहले गोवल मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बसंतलाल और उनका बेटा रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल रवि को गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार तड़के उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया।जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है। बेटे की शादी का सपना संजोए परिवार को एक ही दिन में दो अपनों को खोने का गहरा सदमा लगा है।


