
रिपोर्टर राहुल सिंह स्टेट हेड हिंदी सप्ताहिक समाचार पत्र दूरदर्पण न्यूज उत्तर प्रदेश
पचपेडिया मार्ग स्थित अस्पताल में डॉक्टरों के नाम और विशेषज्ञ डिग्रियां प्रदर्शित कर मरीजों के उपचार का आरोप, सीएमओ कार्यालय और यूनानी विभाग से जानकारी लेने पर डॉ. कनीज़ फातिमा के स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण की पुष्टि नहीं
बस्ती। जनपद में निजी अस्पतालों के संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पचपेडिया मार्ग स्थित स्टार हॉस्पिटल में कथित तौर पर ऐसे चिकित्सकों के नाम और विशेषज्ञ डिग्रियां प्रदर्शित कर मरीजों को उपचार की सुविधा का भरोसा दिलाया जा रहा है, जिनकी अस्पताल में वास्तविक तैनाती, संबद्धता और पंजीकरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं
अस्पताल के परिचय बोर्ड पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की लंबी सूची देखकर आम मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद में यहां पहुंचते हैं, लेकिन इन नामों की वास्तविकता और अस्पताल से उनके संबंधों की जांच अब जरूरी हो गई है
मामले में सबसे गंभीर सवाल डॉ. कनीज फातिमा को लेकर उठ रहा है
अस्पताल के परिचय में उन्हें स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में प्रदर्शित किया गया है
आरोप है कि वह अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों की निगरानी और उपचार संबंधी गतिविधियों में भी दिखाई देती हैं। जबकि इस संबंध में सीएमओ कार्यालय से जानकारी लेने पर बताया गया कि स्टार हॉस्पिटल में डॉ. कनीज फातिमा का स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण दर्ज नहीं है। वहीं यूनानी विभाग के कार्यालय से भी कनीज फातिमा नाम से स्त्री रोग विशेषज्ञ के पंजीकरण की पुष्टि नहीं होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किस आधार पर उन्हें स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में प्रचारित किया जा रहा है?
अस्पताल के परिचय बोर्ड पर इन विशेषज्ञ चिकित्सकों के नाम प्रदर्शित
स्टार हॉस्पिटल के परिचय में डॉ. अजीम खान (फिजिशियन), डॉ. सुशांत कुमार यादव (जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. कीर्ति सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), जैद अहमद खान (यूरो एवं किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन), डॉ. प्रथमेश मिश्रा (वरिष्ठ न्यूरो सर्जन), डॉ. विभोर महेंद्रु (कैंसर रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. चंद्रमौली मिश्रा (गैस्ट्रो, एमबीबीएस, एमडी, नई दिल्ली) सहित कई चिकित्सकों के नाम और उनकी विशेषज्ञताएं लिखी गई हैं
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ये सभी विशेषज्ञ चिकित्सक वास्तव में स्टार हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं? क्या इनके नाम पर अस्पताल का विधिवत पंजीकरण अथवा संबद्धता दर्ज है? क्या इनकी शैक्षणिक डिग्रियों और संबंधित मेडिकल काउंसिल के पंजीकरण का सत्यापन कराया गया है? यदि चिकित्सकों की वास्तविक तैनाती नहीं है तो उनके नाम और विशेषज्ञता का प्रचार कर मरीजों को आकर्षित करना कितना उचित है?
ओपीडी से लेकर ऑपरेशन और भर्ती मरीजों की निगरानी तक पर सवाल
आरोप है कि अस्पताल के परिचय में विशेषज्ञ डॉक्टरों के नाम प्रदर्शित कर ओपीडी, दवा-इलाज, भर्ती मरीजों की देखभाल और ऑपरेशन संबंधी गतिविधियों का भरोसा दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, अस्पताल की गतिविधियों से जुड़े वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए जाते हैं। ऐसे में यह जांच का विषय है कि वीडियो में दिखाई देने वाले उपचार और चिकित्सकीय गतिविधियां किन पंजीकृत चिकित्सकों की देखरेख में संचालित हो रही हैं
स्थानीय स्टार हॉस्पिटल को लेकर पूर्व में भी मरीजों से संबंधित घटनाओं और शिकायतों की चर्चा होती रही है। इसके बावजूद यदि अस्पताल के परिचय में दर्ज विशेषज्ञ चिकित्सकों की वास्तविक उपलब्धता और पंजीकरण की स्थिति स्पष्ट नहीं है तो यह स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच से ही खुलेगा पूरा मामला
अब जरूरत है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी बस्ती अस्पताल के पंजीकरण प्रमाणपत्र, चिकित्सकों की सूची, उनकी डिग्रियां, मेडिकल काउंसिल पंजीकरण, नियुक्ति एवं संबद्धता के दस्तावेज, ओपीडी रजिस्टर, भर्ती मरीजों के उपचार रिकॉर्ड तथा ऑपरेशन से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच कराएं। साथ ही अस्पताल में वास्तव में कौन चिकित्सक किस दिन और किस विशेषज्ञता के साथ मरीजों का उपचार कर रहा है, इसका भी भौतिक सत्यापन कराया जाए
यदि जांच में बिना वैध पंजीकरण विशेषज्ञ चिकित्सक के नाम का इस्तेमाल, भ्रामक प्रचार अथवा अपात्र व्यक्तियों द्वारा चिकित्सा कार्य किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मरीज अपनी बीमारी लेकर अस्पताल पहुंचता है या अस्पताल के परिचय बोर्ड पर लिखे उन नामों और डिग्रियों के भरोसे पहुंचता है, जिनकी वास्तविकता की पुष्टि तक नहीं हो पा रही है?
आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़े इस गंभीर मामले में अब स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की आवश्यकता है


