
पीलीभीत: पूरनपुर में पुलिस ने नकली सोने के आभूषणों पर असली जैसा 18 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकली आभूषण, हॉलमार्क लगाने वाली मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में 18 कैरेट के हॉलमार्क लगे आभूषणों में सोने की मात्रा केवल 3.03 प्रतिशत पाई गई।
पूरनपुर थाना पुलिस ने पांच नवंबर 2026 को यह कार्रवाई की। इस मामले में बैंक के रोकड़ अधिकारी महेश चंद्र गंगवार की तहरीर पर इकरार पुत्र नियामत, आदेश वर्मा पुत्र मुकुंदराम वर्मा, इसरार, सुशील वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा, अखिल कुमार उर्फ मनोज कुमार और विशाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नकली आभूषणों पर फर्जी हॉलमार्क लगाने का पूरा नेटवर्क उजागर किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।


