
रिपोर्टर राहुल सिंह स्टेट हेड दूरदर्पण न्यूज उत्तर प्रदेश
बस्ती। पचपेडिया स्थित राजन इंटरनेशनल एकेडमी में बाल दिवस के अवसर पर भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। करीब पांच घंटे तक चले इस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक एवं खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ रहे।
बाल दिवस समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित आकर्षक मॉडल और स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ और नवाचार की क्षमता का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ ने विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। आज के यही बच्चे आने वाले समय में देश और समाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां, विज्ञान और तकनीकी ज्ञान बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानाचार्य, प्रचारक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और उनकी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ बाल दिवस समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।


