देहरादून। एक पुराने चर्चित मामले में पीड़िता जेनी उर्फ इंदिरा देवी ने एक बार फिर न्याय की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। पीड़िता ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने तथा पूरे मामले की नए सिरे से सीबीआई जांच कराए जाने की मांग उठाई है।
शनिवार को देहरादून में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीड़िता ने अपने साथ हुए कथित घटनाक्रम की जानकारी मीडिया के सामने रखी। पीड़िता के अनुसार, वह अक्टूबर 2002 में महज 16 वर्ष की उम्र में देहरादून आई थी और यमुना कॉलोनी में रही थी, जहां वर्ष 2003 में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने आरोप लगाया कि आरोपी के सत्ता और प्रभाव में होने के कारण उस समय उसे कहीं से भी मदद नहीं मिल सकी।
पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान उसे मानसिक चिकित्सालय में डाल दिया गया था और डरा-धमकाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर वहां से बाहर निकाल दिया गया। उसने बताया कि उस समय उसे हिंदी भाषा नहीं आती थी और सीबीआई की टीम उससे केवल एक ही बार मिलने आई थी, जिस कारण वह अपनी बात पूरी तरह नहीं रख पाई थी।
अपने बेटे को पिता का नाम दिलाने की मांग करते हुए पीड़िता ने पहले हुए डीएनए टेस्ट की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठाए। उसका कहना था कि जब उसके 23 वर्षीय बेटे का सैंपल ही नहीं लिया गया, तो डीएनए टेस्ट कैसे पूरा हुआ। उसने मुख्यमंत्री द्वारा मामले का उल्लेख किए जाने के बाद देहरादून आकर न्याय की लड़ाई लड़ने का फैसला किया। प्रेस वार्ता के दौरान भावुक हुई पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की दोबारा सीबीआई जांच और नए सिरे से डीएनए टेस्ट कराने की गुहार लगाई है।
वहीं हरक सिंह रावत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे उत्तराखंड की राजनीति और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा भारतीय जनता पार्टी की एक सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने कानूनी लड़ाई लड़ने और मानहानि व अवमानना का मुकदमा दर्ज करने की बात कही है तथा डीएनए जांच के लिए भी अपनी सहमति जताई है।


