बीसलपुर/पीलीभीत:- जिले के बीसलपुर स्थित ऐतिहासिक रामलीला मेले में शनिवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बेल्टें, लात और घूंसे चलने लगे। मेले में मौजूद भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास हुआ विवाद
घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान स्थित गुलेश्वरनाथ मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। किसी मामूली बात पर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में युवक एक-दूसरे पर बेल्टों से ताबड़तोड़ हमला करते नजर आ रहे हैं। अचानक हुई इस मारपीट से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और हड़कंप मच गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
मेले में रोजाना हजारों की संख्या में परिवार और श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में खुलेआम हुई इस मारपीट की घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए बीसलपुर कोतवाली के थाना अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस को घटना का संज्ञान मिला है। वायरल हो रहे वीडियो के जरिए उपद्रवी युवकों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



